वाराणसी: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपियों को खोजबीन लगातार जारी है। पुलिस की टीम आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी समर सिंह जो कि आकांक्षा का कथित बॉयफ्रेंड है, और उसके भाई संजय सिंह की लगातार तलाश में है। पुलिस की एक टीम को मुंबई के लिए भी रवाना किया गया है।
दोनों आरोपियों की तलाश में मंगलवार को टीम रात तकरीबन डेढ़ बजे आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित आवास पर पहुंची लेकिन समर सिंह का यहां भी कोई पता ठिकाना नहीं मिला। मामले में परिजनों से जब पुलिस की टीम पूछताछ की तो परिजनों ने बात को टाल दिया और कहा कि उन्हें इस मामले में कोई भी जानकारी नहीं है कि इन दिनों समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह कहां है। पुलिस लगातार आरोपियों से सम्पर्क करने की भी कोशिश कर रही है लेकिन समर और संजय दोनों के ही मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं।
26 मार्च को की थी आत्महत्या
मालूम हो कि भदोही के बरदहां निवासी छोटेलाल दुबे की पुत्री आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी स्थित सारनाथ के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी। आकांक्षा का शव होटल में फंदे से लटकता मिला था। वह शूटिंग के सिलसिले में यहां आई हुई थीं। मौत के बात परिजनों ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया था जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों का ये है आरोप
आकांक्षा के परिजनों ने समर सिंह पर आरोप लगाया था कि समर सिंह आकांक्षा पर बहुत दबाव बनाता था जिससे वह मेंटली टॉर्चर रहती थी। वह उनकी बेटी को किसी और के साथ काम करने से मना करता था। इसके साथ ही आकांक्षा की मां ने आरोप लगाया कि समर ने लगभग तीन साल से काम करने का पैसा भी नहीं दिया था। जब आकांक्षा ने पैसे मांगना शुरु किया तो उसके भाई संजय सिंह ने देख लेने की धमकी भी दिया था।