लखनऊ:उत्तर-प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स संकुल चैंपियनशिप 2022-2023 का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का आयोजन सशस्त्र सीमा बल के नेतृत्व में पीएसी 35वीं वाहिनी महानगर के ग्राउंड पर किया गया था। इस दौरान सीएम योगी ने खेल के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि 500 खिलाड़ियों को प्रदेश में सरकारी सेवा से जोड़ा जाएगा। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि, पुलिस बल की यह ताकत होनी चाहिए कि जब देश या राज्य के अंदर कानून व्यवस्था का संकट आए तो सुरक्षा दें। वहीं शांतिपूर्ण स्थिति में अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए कार्य करेंगे।
युवा पीढ़ी के लिए मार्गदशर्क- सीएम योगी
यूपी में 71वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर चैंपियनशिप का ऐलान होने जा रहा है। इस दौरान सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 10 साल के बाद यूपी को इस आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में इन वर्षों के अंदर देश में खेल संस्कृति को हमने बढ़ते हुए देखा है। यह आयोजन हमारी युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्धांतों की नींव रखने में सहायक साबित होगा।
500 खिलाड़ी सरकार सेवा से जुड़ेंगे- सीएम योगी
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि, खिलाड़ियों की सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को यूपी पुलिस और शासन की विभिन्न सेवाओं में स्थान देने की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा रहा है। उन्होंने कहा कि हम 500 से अधिक खिलाड़ियों को शासन की विभिन्न सेवाओं में स्थान देने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम खेल कूद की गतिविधियों में भाग लेने के साथ ही बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे।