बलूचिस्तान: पाकिस्तान ने जिस आतंक को दूसरों को डराने के लिए पाल रखा था अब उस सांप ने पाकिस्तान को उलटा डसना शुरू कर दिया है। आज फिर से पाकिस्तान के बलूचिस्तान पर एक आत्मघाती हमले में 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। विस्फोट में 13 से ज्यादा पुलिसवाले घायल भी हुए हैं।
यहां हुआ यह हमला
अटैक बलूचिस्तान के बोलन इलाके में हुआ है। पुलिस वैन बलूचिस्तान के सिबी से क्वेटा लौट रही थी। इस बीच जब वैन काछी सीमा से लगे कंबरी पुल पर पहुंची तो अचानक धमाका हो गया।
सरकार ने की हमले की निंदा
बलूचिस्तान की जिस कांस्टेबुलरी पुलिस पर यह हमला हुआ है, उसका काम जेलों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा प्रदान करना है. फिलहाल किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बता दें कि पाकिस्तान में नवंबर 2022में तहरीक-ए- तालिबान पाकिस्तान और सरकार के बीच बातचीत टूटने के बाद से हमलों में तेजी आई है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुदूस बिजेन्जो ने इस हमले की निंदा की है।
4 फरवरी को हो चुका है हमला
इससे पहले 4 फरवरी को पाकिस्तान की सरकार ने प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान पर लगाम लगाने के लिए तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा से दखल देने की मांग की थी। पाकिस्तान की मीडिया के मुताबिक पेशावर में शीर्ष समिति की बैठक हुई थी। इसमें फैसला लिया गया था कि टीटीपी को रोकने के लिए तालिबान के प्रमुख नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा के हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। बैठक में कहा गया कि पाकिस्तान अब सीमा पार आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा।