खगड़िया: देश-दुनिया के कोने-कोने से प्रेम प्रसंग के अजीबोगरीब मामले तो अक्सर आते ही रहते हैं लेकिन, कभी-कभी ऐसा भी मामला सामने आता है जिसको सुनकर लोग एक बार के लिए सोच में पड़ जाते हैं। अगर किसी की मानसिकता इंतकाम की हो तो इंसान के दिमाग में पहले यही आता है कि खून के बदले खून की भावना होगी लेकिन यहां इंतकाम तो लिया गया है पर खून के बदले खून का नहीं बल्कि बीवी के बदले बीवी का इंतकाम। जी हां, दरअसल, बिहार के खगड़िया से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने उस औरत से शादी कर ली जिसका पति इस व्यक्ति की पत्नी को लेकर फरार हो गया।
बता दें कि खगड़िया के चौथम प्रखंड के हरदिया गांव के रहने वाले नीरज की शादी पसराहा गांव में रूबी देवी से 2009 में हुई थी। लेकिन पिछले कुछ सालों से रूबी का प्रेम प्रसंग पसराहा गांव के रहने वाले मुकेश के साथ चल रहा था और इस प्यार को अंजाम तक पहुंचान के लिए मुकेश और रूबी ने फरवरी 2022 में भागकर शादी कर ली और अपने तीन बच्चों को लेकर फुर्र हो गए।
इंतकाम में ऐसे सफल हुआ नीरज
नीरज को मामले की जैसे जानकारी हुई उसके तुरंत बाद ही नीरज ने मुकेश के खिलाफ अपहरण का केस पसराहा थाना में दर्ज करवा दिया। हालांकि उसके दिमाग में उस दिन के बाद से इंतकाम की भावना आ गई। लेकिन उसका इंतकाम तब सफल हुआ जब उसने मुकेश की पत्नी को फोन पर बात कर उसके पति यानी मुकेश को समझाने के लिए कहा। इस दौरान उनकी बराबर बात होने लगी और दोनों को आपस में प्यार हो गया या फिर ये कहें कि नीरज अपने मकसद में कामयाब हो गया। इस मामले में एक और दिलचस्प बात है कि मुकेश और नीरज दोनों बीवी का नाम रूबी ही है।
नीरज ने 18 फरवरी को रचाई मुकेश की पत्नी से शादी
ऐसे में दोनों ने गांव से 18 फरवरी 2023 को भागकर मंदिर में शादी रचा लिए। नीरज ने बताया कि कई बार गांव में पंचायत भी हुई लेकिन मुकेश नहीं माना। मुकेश अपनी प्रेमिका नीरज की पत्नी रूबी के साथ कभी इस गांव तो कभी उस गांव भागकर रह रहे थे। फिर नीरज ने भी बदला लेने की ठानी। नीरज ने आरोपी मुकेश की पत्नी को भगाकर शादी कर ली।
अमनी गांव में हुई थी मुकेश की शादी
आपको बता दें कि मुकेश की शादी मानसी प्रखंड के अमनी गांव की रूबी देवी के साथ हुई थी। नीरज एक कंपनी में काम करता है। जबकि मुकेश मजदूरी कर कमाता खाता है। इस शादी की खबर जैसे ही गांव से लेकर शहर तक फैली सब जगह यही चर्चा होने लगी।