Bihar News: आरा में उपेंद्र कुशवाहा के काफिले पर हमला…हमलावरों ने बताई ये वजह

भोजपुर: जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) अपनी पार्टी के खिलाफ दे रहे लगातार अपने बयानों से चर्चा में हैं, जिसके कारण बिहार में सियासी घमासान भी मचा हुआ है। इस बीच भोजपुर जिले से उपेंद्र कुशवाहा के काफिले पर हमला की खबर सामने आई है। यह घटना भोजपुर जिले के जगदीशपुर में हुई है।

निजी कार्यक्रम में जा रहे थे कुशवाहा

बताया जा रहा है कि कुशवाहा बक्सर से भोजपुर जिले में किसी निजी कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में जगदीशपुर के नयका टोला के मोड़ के पास कुछ लोग विरोध करने भी पहुंच गए। उपेंद्र कुशवाहा की गाड़ी के समीप काला झंडा दिखा दिया। इसके बाद कुशवाहा समाज के कार्यकर्ताओं ने विरोध करने वालों को जमकर पीटा जिसमें दो लोगों के सिर फट गए।

उपेंद्र कुशवाहा ने किया ट्वीट

इस घटना की जानकारी उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार की शाम खुद ट्वीट कर भी दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- अभी भोजपुर जिला के जगदीशपुर में नयका टोला मोड़ के पास से गुजर रहे काफिला में शामिल मेरी गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया, पत्थर फेंका। सुरक्षाकर्मियों के दौड़ने पर सभी भाग निकले।

क्यों हुआ विरोध?

वहीं, हमले में घायल शख्स ने बताया कि उपेंद्र कुशवाहा के लिए वो लोग हमेशा खड़े रहे हैं, लेकिन आज वो समाज तोड़ने का काम कर रहे हैं इसलिए वे उनका विरोध कर रहे थे। शांतिपूर्वक विरोध करने के बाद भी उनके कार्यकर्ताओं ने पीटा है। सिर फट गया है। घायल व्यक्ति ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी में केवल गुंडों को पाल रखा है जो आम लोगों का खून बहा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *