शोएब मलिक को अभी भी पाकिस्तान टीम में वापसी की उम्मीद, बोले 41 की उम्र में भी 25 वर्षीय खिलाड़ी की तरह हूं फिट

नई दिल्ली: पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर शोएब मलिक आज भी इंटरनेशल क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं। वो फ्रेंचाइजी टी20 टूर्नामेंट में खेल रहे हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने टीम में वापसी को लेकर कहा है कि वो 41 साल की उम्र में भी 25 साल के खिलाड़ी जितने ही फिट हैं। उन्हें अभी भी अपने देश से खेलने और रन बनाने की भूख है।

शोएब को अभी भी टीम में चुने जाने की उम्मीद

शोएब मलिक को इंटरनेशल डेब्यू किए हुए 24 साल हो चुके हैं। हालांकि वो टेस्ट और वनडे क्रिकेट संन्यास ले चुके हैं। लेकिन वो टी20 क्रिकेट में अभी भी पाकिस्तान की टीम का दरवाजा खटखटा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि अच्छी फिटनेस और परफार्मेंस के दम पर उन्हें टीम में चुना जाना चाहिए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए टीम में चुना था। इसके बाद उन्होंने उसी साल नंवबर में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी मुकाबला खेला था। जिसको करीब 14 महीनों का समय हो चुका है। तब से शोएब मलिक टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि उन्हें अभी भी लगता है कि उनके अंदर काफी क्रिकेट बची हुई है और वो अपने देश के लिए अभी भी काफी कुछ कर सकते हैं।

25 वर्षीय खिलाड़ी से कर सकते हैं तुलना- मलिक

पाकिस्तान के बेहतरीन ऑलरांडरों में से एक शोएब मलिक ने रविवार को पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान टीम में वापसी और अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भरोसा करें भले ही मैं टीम में सबसे उम्रदराज हूं,लेकिन आप मेरी फिटनेस की तुलना 25 साल के खिलाड़ी से कर सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि जो मुझे प्रेरित करता है, वह यह है कि मैं अभी भी खेल का आनंद लेता हूं और मुझे अभी भी लगता है कि भूख है और जब तक ये दो चीजें हैं, मैं क्रिकेट खेलता रहूंगा और इसलिए मैं संन्यास लेने के बारे में भी सोच नहीं रहा हूं।

संन्यास लेने का अभी प्लान नहीं- मलिक

शोएब मलिक ने टीम में अपनी वापसी के अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने संन्यास के ऊपर भी बात की। उन्होंने कहा कि मैं फिलहाल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटार्यमेंट की नहीं सोच रहा हूं। जब भी मुझे मौका मिलता है तो मैं अपने क्रिकेट का आनंद उठाता हूं। मैं पहले ही टेस्ट और वनडे से संन्यास ले चुका हूं। टी20 में मैं अब भी उपलब्ध हूं और मुझे जहां भी मौका मिलेगा मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि, मैं एक क्रिकेटर हूं और और अपने जीवन में अब काफी कुछ देख चुका हूं और ये चीजें मुझे परेशान नहीं करती हैं। मुझे लगता है कि एक एथलीट के रूप में यह सभी एथलीटों के लिए एक संदेश है कि जब आप टीम खेल रहे हों तो यह न सोचें कि कौन आपके पक्ष में है और जो आपके पक्ष में नहीं है।

17 साल की उम्र में किया था डेब्यू

शोएब मलिक ने 17 साल की उम्र में 14 नवंबर 1999 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। करियर के शुरुआती दिनों में मलिक पाकिस्तानी टीम में लोवर आर्डर में बल्लेबाजी करते थे। करियर के करीब तीन साल बाद शोएब को बैटिंग ऑर्डर में ऊपर उतारा गया। उन्होंने कई बार टीम के सलामी बल्लेबाज के तौर पर भी बल्लेबाजी की है। इस दौरान शोएब ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान टीम में स्थायी जगह बनाई। उन्होंने कई मौकों पर बल्ले और गेंद से टीम को जीत दिलाई। इस बीच शोएब को कई बार टीम की कमान भी सौंपी गई।

शोएब मलिक का इंटरनेशन करियर

टेस्ट-35, रन-1898, शतक-3, अर्धशतक-8

वनडे-287, रन-7534, शतक-9, अर्धशतक-44, विकेट-158

टी20- 124, रन-2435

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *