चंडीगढ़: हरियाणा के गन्ना किसानों को सरकार से राहत मिली है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गन्ने के दाम बढ़ा दिए हैं। गन्ने के दाम में 10 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि विधानसभा में हमने गन्ने के रेट का सुझाव देने के लिए कृषि मंत्री की अध्यक्षता में कमेटी बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि अब इस साल का गन्ने का रेट372 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा।
कृषि मंत्री ने सीएम को सौंपी रिपोर्ट
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। उन्होंने 2022-23 के निर्धारण गन्ने के राज्य सुझावित मूल्य पर पुनर्विचार समिति की रिपोर्टसौंपी।इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पिछले साल हमारे यहां गन्ने का रेट 362 रुपये प्रति क्विंटल था, चीनी के रेट अभी तक बढ़े नहीं है, केंद्र सरकार ने 305 रुपये एफआरपी घोषित किया।
अगले साल भी बढ़ेंगे गन्ने के रेट
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, हमने करनाल और पानीपत मिल की क्षमता बढ़ाई है, हम कोशिश करेंगे कि चीनी की रिकवरी भी बढ़े।हमने शाहाबाद, यमुनानगर में एथेनाल प्लांट , नारायणगढ़ में पावर प्लांट लगाकर मिलों को अपग्रेड किया है। उन्होंने कहा कि अगले साल भी हम गन्ने का रेट बढ़ाएंगे।सीएम ने गन्ना किसानों से अपील की है कि अपना गन्ना लेकर मिलों में जाए ताकि गुरुवार से मिल फिर से शुरू हो सकें।
बैठक में हुई थी रेट पर चर्चा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निवास पर मंगलवार को बैठक हुई थी। कृषि मंत्री जेपी दलाल की अध्यक्षता में दो घंटे तक गन्ने की लागत और बाजार में चीनी के मूल्य से संबंधित कईमुद्दों पर चर्चा हुई थी। जिसके बाद गन्ने के भाव को बढ़ाने का फैसला किया गया। गौरतलब है कि हरियाणा के किसान गन्ने के भाव को बढ़ाने की सरकार से मांग कर रहे थे।