पति की मौत के बाद वंदना ने संभाली ऑटो की ड्राइविंग सीट, बेटियों की जिम्मेदारी कंधों पर, महिलाओं के लिए बनीं मिसाल

शिमला: हर इंसान के जीवन में ऐसा दौर जरूर आता है जब जिदंगी उसे चुनौती देती है। कहते हैं सच्ची मेहनत और ईमानदारी पर विश्वास करने वाले लोग विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना करते हैं और नया रास्ता निकाल ही लेते हैँ। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हिमाचल के ऊना की रहने वाली वंदना राणा ने। पति की मौत के बाद उनके ऊपर घर की जिम्मेदारी आ गई। जिसको उन्होंने बखूबी निभाते हुए ऑटो रिक्शा चलाने का फैसला किया।

वंदना राणा के पति राकेश राणा की मौत हार्ट अटैक के कारण असमय हो गई थी। उनके पति जो कि एक ऑटे ड्राइवर थे और घर में अकेले कमाने वाले थे। पति की मौत के बाद वंदना के सामने चुनौतियों का पहाड़ खड़ा हो गया। उनके ऊपर घर की जिम्मेदारी आ गई। लेकिन वंदना के कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना किया और पति के ऑटो की ड्राइविंग सीट संभाल ली।

वंदना महिलाओं के लिए बनीं मिसाल

वंदना और राकेश की लगभग 21 साल पहले शादी हुई थी। दोनों अपने छोटी सी दुनिया में बहुत खुश थे। पति की ऑटो रिक्शा की कमाई से वंदना अपना घर बहुत ही अच्छे से चलाती थीं। सब कुछ सही चल रहा था कि अचानक जिंदगी ने वंदना के सामने वो दिन ला दिया जिसको कोई भी महिला नहीं देखना चाहती। पिछले साल 18 जून को वंदना के पति राकेश की हृदय रोग के कारण निधन हो गया। पति की मौत के बाद वंदना बेहद अकेली हो गई लेकिन उन्होंने खुद को लाचार नहीं होने दिया।वंदना ने न ही किसी के सामने हाथ फैलाया और न ही अपनी खुद्दारी से कोई समझौता किया। उन्होंने पति की ऑटो खुद चलाने का फैसला किया।

वंदना के ऊपर 2 बेटियों की जिम्मेदारी

वंदना के ऊपर दो बेटियों की जिम्मेदारी भी है। जिसकों वो पति के न रहने पर भी बखूबी निभा रही हैं। वंदना खुद सिर्फ कक्षा 2 तक पढ़ी हैं लेकिन वो पढ़ाई के महत्व को अच्छी तरह से जानती हैं। इसलिए वो अपनी दोनों बेटियों को पढ़ा रही हैं। उनकी दोनों बेटियां कॉलेज की छात्राएं हैं। वंदना ने विपरीत हालात में खुद को और परिवार को बखूबी संभाला। जीवन में खराब हालात का सामना करने वाली वंदना आज महिलाओं के लिए मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *