जम्मू: जम्मू कश्मीर के राजोरी में 24घंटे में दो आतंकी घटनाओं से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। आज जम्मू कश्मीर के कई क्षेत्रों में लोगों ने प्रदर्शन किया। राजोरी के प्रमुख नगर, शहर जम्मू, सुंदरबनी, पुंछ समेत कई क्षेत्रों में आतंकी हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। वहीं राजोरी, उधमपुर व अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जगह-जगह नाके लगा कर जांच की जा रही है।
एलजी ने की शान्ति की अपील
डांगरी इलाके के मुख्य चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हैं। आतंकी गोलीबारी में मारे गए चार लोगों के शव और आईईडी धमाके में मारे गए बच्चे के शव को सड़क पर रखकर लोग विलाप और प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
कश्मीरी पंडितों ने भी किया प्रदर्शन
जम्मू में राजभवन के बाहर पीएम पैकेज के तहत कार्यरत कश्मीरी पंडित कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों ने कहा कि अब आतंकियों ने राजोरी में कायराना हरकत को अंजाम दिया है। उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी अपने के खोने के गम को समझते हैं।
भाजपा ने किया प्रदर्शन का समर्थन
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुंछ बस अड्डे पर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका। उन्होंने राजोरी घटना को सुरक्षा में चूक बताया और केंद्र सरकार से एनआईए से इसकी जांच कराने की मांग की।