काबुल: एक समय जो पाकिस्तान तालिबान को पूरी दुनिया के सामने सही साबित करने में लगा था उसी तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़पें होना शुरू हो चुका है। पाकिस्तानी सेना और तालिबान के लड़ाकों के बीच चमन बॉर्डर में तालिबान के जवानों ने उनके इलाक़े में मोर्टार से गोले दाग़े हैं जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई घायल हुए हैं।
चमन बॉर्डर के पास हुई झड़प
उल्लेखनीय है कि अफ़ग़ान सैनिकों ने दक्षिण पश्चिम में मौजूद चमन बॉर्डर के पास असैनिक इलाक़ों पर बिना सोचे-समझे गोलियां चलाई हैं। इसके बाद चमन सीमा के पास के कुछ गांवों को खाली कराया गया है और अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
तालिबान ने भी लगाया आरोप
तालिबान के एक अधिकारी ने पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर पहले गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्थिति सामान्य करने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत पर ज़ोर दिया है। अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तान की तरफ से पहले गोलियां चलनी शुरू हुईं।
इलाका खाली करवाने को लेकर हुई झड़प
चमन जिला अस्पताल में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है और मॉल रोड, बोगा रोड बाईपास और बॉर्डर रोड के आपपास रहने वाले आम नागरिकों को इलाक़े से बाहर निकलने को कहा गया है। अफ़ग़ानिस्तान के एक न्यूज़ चैनल ने इस घटना से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया है और दावा किया है कि पाक और अफ़ग़ान सेना के बीच फिर से झड़प शुरू हो गई है।
एक सप्ताह में दो से ज्यादा बार हो चुकी है झड़प
सप्ताह भर में ये दूसरी बार है जब पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच चमन बॉर्डर पर झड़प हुई है। रविवार दोपहर भी सीमा पर गोलीबारी हुई थी। इससे पहले 11 दिसंबर की घटना के बाद भी पाकिस्तानी सेना जन सपंर्क विभाग ने इस पर बयान जारी किया था।