Delhi News: देश दुनिया में कोरोना ने फिर से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। दुनियाभर को कोरोना वायरस फिर से डरा रहा है।जिसको लेकर बुधवार को दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थय मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने हाई लेवल बैठक बुलाई। बैठक के बाद डॉक्टर मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर कहा, कुछ देशों में (Covid-19) के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई।
खत्म नहीं हुआ कोविड- मंडाविया
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है। मैंने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।भारत सरकार हर पहलू को बेहद गंभीरता से ले रही है।
नियंत्रण में कोरोना वायरस
बता दें कि, भारत में फिलहाल कोरोना काबू में है लेकिन भविष्य में मामले तेजी से आ सकते हैं। इसके लिए ही सरकार अभी से तैयारियां शुरु कर रही है। बैठक में आईसीएमआर (ICMR), नीति आयोग (Niti Ayog)और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े तमाम लोगों ने हिस्सा लिया और अपना सुझाव रखा।
आईसीएमआर (ICMR)की हेड ऑफ वायरोलॉजी निवेदिता गुप्ता ने कहा कि सिर्फ पांच देशों के यात्रियों पर निगरानी से हम कोरोना पर काबू नहीं कर पाएंगे। कई देशों की यात्रा कर लौटने वाले यात्रियों को लेकर प्रोटोकॉल जरूरी है। तकरीबन एक महीने पहले से चीन में कोरोना मामले आ रहे थे। ऐसे में हमेंसतर्कता बरतनी जरूरी है।
मास्क की वापसी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में केन्द्रीय राज्यमंत्री भारती पवार (Bharti Pawar) भी मौजूद रही। इसके अलावा नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वीके पॉल, डॉक्टर एन. के. अरोड़ा (NTAGI) आईसीएमआर (ICMR)से निवेदिता गुप्ता, जैव प्रोद्योगिकी विभाग के सचिव डॉक्टर राजेश गोखले और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के कई अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
डॉक्टर पॉल ने मीटिंग में कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मास्क, वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट, बुखार होने पर क्वारंटाइन, सामान्य यात्रियों को क्वारंटाइन करने के दिशा-निर्देश जारी होने चाहिए। अभी सी-प्रीवेंटिव स्टैप जरूरी हैं। महामारी से संबंधित गाइडलाइंस जैसे दो गज दूरी, मास्क, नियमित हाथ धुलने जैसे बातें एयरपोर्ट्स पर लागू होना चाहिए।