पंजाब के तरनतारन में पुलिस स्टेशन पर हमले के मामले में बड़ी सफलता, 4 आरोपी हुए गिरफ्तार

अमृतसर:पंजाब के तरनतारन में पुलिस स्टेशन पर दो दिन पहले हुए आरपीजी अटैक मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। हमले में शामिल 4 आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। जानकारी के अनुसार यह चारों आरोपी इस हमले में शामिल थे।

पुलिस ने दी यह जानकारी

आईजी सुखचैन सिंह गिल ने पंजाब पुलिस मुख्यालय में सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस की जांच सही दिशा में चल रही है। जल्द केस को हल कर लिया जाएगा। इसके साथ ही पंजाब पुलिस से जुड़ी सारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हाईवे व अन्य मार्गों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।

काउंटर इंटेलिजेंस पहुंची अमृतसर

आईजी ने बताया कि थाने पर हमले का मामला काफी गंभीर है। ऐसे में एडीजीपी (आंतरिक सुरक्षा) आरएन ढोके की अगुवाई में पुलिस की टीम जांच कर रही है। एडीजीपी अमित प्रसाद ने भी अमृतसर में डेरा डाला है। पुलिस की आरंभिक जांच में घटना से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।

आरोपियों से मिले कई सबूत

पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस थाने का नक्शा व अन्य जानकारियां उनसे मिली हैं। इससे साफ है कि रणनीति के साथ हमला किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *