Patna Book Fair 2022: पुस्तक प्रेमियों को भा रहा है राजधानी पटना में आयोजित पुस्तक मेला

पटना: बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों पुस्तक मेला चल रहा है। बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी पटना पुस्तक मेले में पहुंच रहे हैं। प्रकाशक,लेखक,पुस्तक प्रेमियों का अद्भुत जमावड़ा। हो भी क्यों न कोरोना महामारी के दौरान तीन सालों तक पटना वा बिहार के पुस्तक प्रेमियों को इस तरह के आयोजनों से वंचित जो रहना पड़ा था।

ये है पुस्तक मेला का थीम

पटना पुस्तक मेले का आयोजन सेंटर फॉर लीडरशिप डेवलपमेंट द्वारा पटना के गांधी मैदान में किया गया है जो कि 2 दिसंबर से 13 दिसंबर तक चलेगा। वहीं इस बार पटना पुस्तक मेला का थीम, मोबाइल छोड़िए किताब पढ़िए है। पुस्तक मेले का उद्घाटन राज्यसभा के उपसभापति व वरिष्ट पत्रकार हरिवंश नारायण सिंह ने किया। उद्घाट्न समारोह में पद्मश्री उषाकिरण खान, विशिष्ट अतिथि चित्रकार पद्मश्री श्याम शर्मा की उपस्थिती उल्लेखनीय है। साथ ही पुस्तक मेले में देश के लब्धप्रतिष्ठित साहित्यकार, लेखक, कवि और पत्रकार का भी आगमन हुआ।

हरिवंश के तीन पुस्तकों का हुआ विमोचन

पटना पुस्तक मेले में राज्यसभा के उपसभापति और वरिष्ठ पत्रकार हरिवंश नारायण सिंह के तीन पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया। वाणी प्रकाशन द्वारा प्रकाशित हरिवंश नारायण सिंह के तीन पुस्तकों कलश,पथ के प्रकाश पुंज, सृष्टि का मुकुट : कैलास मानसरोवर का लोकार्पण वयोवृद्ध गांधीवादी व पूर्व सांसद डॉ. रामजी सिंह द्वारा द्वारा किया गया।

इसके अलावा भी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन व विभिन्न विषयों पर परिसंवाद पटना पुस्तक मेले का आर्कषण बना हुआ है। मेले में सभी शैली और वर्ग की किताबें, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किताबें और उपन्यास उपलब्ध है। साथ ही शब्द साक्षी, जनसंवाद और गुफ्तगू कार्यक्रम भी आयोजित है।

बिहार के व्यंजन: संस्कृति और इतिहास पुस्तक का उद्घाटन

पटना पुस्तक मेला में 3 दिसंबर को युवा पत्रकार रविशंकर उपाध्याय की पुस्तक बिहार के व्यंजन: संस्कृति और इतिहास का लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक पर अपनी राय रखते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा, मैं युवा साथी रविशंकर उपाध्याय ने बहुत ही महत्वपूर्ण काम किया है पत्रकारिता में हमारे युवा साथी रहे हैं। बिहारी खानपान का इतिहास समाज की बुनावट के बारे में बताता है। मगध साम्राज्य का राज्यश्रय मिला है यहां। सिलाव का खाजा, खुरचन, उड़वंतनगर का खुरमा, थावे की खुरचन, बोधगया में बुद्ध को सुजाता के खीर खिलाया, पांचवी शताब्दी में फाहयान व सातवी शताब्दी के ह्वेन्तसांग के यात्रा वृतांत से बिहार के खान पान के बारे में पता चलता है।

सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों का मंच

पुस्तक मेले में कई सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए हैं। इसके अंतर्गत बच्चों महिलाओं, संस्कृतिकर्मियों और साहित्यकारों के लिए विविध कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। विशेषकर बच्चों के लिए आयोजित कार्यक्रम क्विज़ कांटेस्ट का आयोजन किया गया है।

मेला में स्टेट हेल्थ सोसाइटी के द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिसके अंर्तगत मधुमेह जांच, खून जाँच, ओरल कैंसर और ईसीजी टेस्ट यह सभी निःशुल्क करवाई जा रही है। मेला परिसर में प्रतिदिन नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया है। बिहार की विविध भाषाओं के अंर्तगत सर्वभाषा कवि गोष्ठि का आयोजन किया गया है।

गौरतलब है कि पुस्तक मेले के मुख्य प्रवेश द्वार का नाम पाटलिपुत्र द्वार रखा गया है। मुख्य मंच बोधगया मंच, प्रशासनिक भवन का नाम राजगृह प्रशासनिक भवन, सेमिनार हॉल का नाम नालन्दा रखा गया है। इस दौरान बिहार में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विकास वैभव के नेतृत्व में चल रहे लेट्स इन्सपायर बिहार ने भी अपना मंच सजाया है और इस मंच पर बड़ी संख्या में वक्ता जुट रहे हैं और बिहार के विकास से जुड़े बहुविध आयामों पर प्रभावी तरीके से अपनी बात रख रहे हैं जो मेले में जुट रहे पुस्तक प्रेमियों विशेष रूप युवाओं को काफी पसंद आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *