हल्द्वानी :ख़बर उत्तराखण्ड के हल्द्वानी की है जहां दूल्हेराजा धरने पर ही बैठ गए। कारण जान आप भी कहेंगे ये जागरुकता तो सबमें होनी चाहिए। दरअसल हल्द्वानी के हैड़ाखान से लेकर रीठासाहिब तक करीब 200 गांवों की सड़क 15 नवंबर के बाद से बंद पड़ी है।जिससे आसपास के हजारों ग्रामीणों को आवाजाही के संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को कांग्रेस ने मौका पाते ही लपक लिया और मंगलवार सुबह दस बजे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सड़क को जल्द ठीक करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए ।
हैड़ाखान मार्ग बंद होने से दूल्हे को अपनी पूरी बरात संग पैदल ही रास्ता पार करना पड़ा। गुस्से में दूल्हा भी नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और अन्य कांग्रेसियों के साथ धरने पर बैठ गया। फिर क्या था शहर में खबर आग की तरह फैल गई।
आपको बता दें कि इस विवाद से पहले ही सोमवार को भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग व लोनिवि के अधिकारियों संग सड़क का निरीक्षण कर कहा कि वैकल्पिक मार्ग बरसात में बंद हो जाएंगे। इसलिए पुरानी सड़क पर ही ज्यादा फोकस किया जाए। दरअसल काठगोदाम से दो किमी दूरी पर हैड़ाखान रोड पर 15 नवंबर को भारी मात्रा में भूस्खलन हुआ था। 380 मीटर सड़क मलबे से पट गई थी। लोनिवि ने मलबा तो साफ कर दिया, लेकिन स्थायी ट्रीटमेंट को लेकर लंबे अध्ययन के बाद ही काम होने का हवाला दिया। जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई।
निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वैकल्पिक रास्ता सिंगल होने के कारण वाहन फंस रहे हैं। मुख्य मार्ग को सुचारू किया जाएगा और काम में किसी भी प्रकार से हम बजट को बाधा नहीं बनने देंगे ।