बान्ड पॉलिसी का विरोध कर रहे मेडिकल छात्रों ने की विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात

करनाल: हरियाणा में बांड पॉलिसी को लेकर मेडिकल के छात्र काफी दिनों से आंदोलन कर रहे है। इस संबंध में उनकी प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल से भी बातचीत हुई थी। हालांकि बेनतीजा ही रहा और छात्रों का विरोध लगातार जारी है।

इसी क्रम में आज उस वक्त उहापोह की स्थिती पैदा हो गई जब छात्र कल्पना चावला सरकारी मेडिकल कॉलेज में डा. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आये हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से मिल कर अपनी बात रखने की मांग करने लगे। इसी क्रम में छात्रों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन करने की मांग की। स्पीकर की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने छात्रों को ऐसा करने से रोका और निर्देश दिया कि वे उस जगह प्रदर्शन करें जहां उनका प्रदर्शन पहले से चला आ रहा है। छात्र मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस द्वारा ईजाजत नहीं मिलने पर लगभग तीन घंटे तक छात्रों और स्थानीय पुलिस के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई थी।

लेकिन छात्रों की मांग को देखते हुए अंतत: पुलिस ने अपना रूख नरम किया और 5 छात्रों से विधानसभा अध्यक्ष की मुला​कात कराई। विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान छात्रों के प्रतिनिधि मंडल ने उनसे बान्ड पॉलिसी वापस लेने की मांग दुहराई। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप भी लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *