गुजरात के रण का आखिरी दौर,पीएम मोदी ने किया मतदान,जनता से की अपील

आज गुजरात के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान है। पार्टीयों का भविष्य EVM में कैद हो जाएगा। किसे मिलेगा सिंहासन और गुजरात के रण में किसे मिलेगी सियासी पटकनी। ये 8 दिसंबर को तय हो जाएगा।

लेकिन एक बात तो तय है कि गुजरात के इस सियासी रण में बीजेपी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों के लिए साख़ और नाक दोनों का सवाल जरुर बन गई है। दरअसल पीएम मोदी के गृह राज्य का ये चुनाव 2024 की दशा और दिशा तय करेगा।

यही वजह है कि गुजरात में 27 साल से सत्ता संभाल रही बीजेपी किसी भी प्रकार का रिस्क नहीं लेना चाहती। यही वजह है पीएम मोदी धुंआधार रैली पर रैली कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी पूरी कैबिनेट इस सियासी समर में उतार दी। इतना ही नहीं पार्टी ने तो पंजाब की पूरी कैबिनेट को भी चंडीगढ़ टू गुजरात का सफर तय करवा के गुजरात के चौक चौराहों से लेकर गली मोहल्लों तक भेज रखा है। जिसकी बागडोर खुद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने संभाल रखी है।

वहीं मोह माया के बधन से मुक्त कांग्रेस ऐसा लगता है मानो बेफिक्र होकर भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त है, क्योंकि ना तो राहुल गांधी और ना ही प्रियंका गांधी और ना ही सोनिया गांधी इस चुनावी समय में नजर आए। स्थानीय नेताओं के भरोसे कांग्रेस सत्ता के कितना करीब पहुंच पाती है ये तो समय ही बताएगा।

लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अहमदाबाद में अपना वोट डाला। साथ ही वोट डालने के बाद पीएम मोदी ने मीडिया से भी बात की और लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करने की अपील भी की।

बहरहाल आपको बता दें कि दूसरे और अंतिम चरण में प्रदेश के 14 जिलों की कुल 93 सीटों पर वोटिंग जारी है। दूसरे चरण की वोटिंग के लिए लगभग 26 हजार मतदान केंद्रों पर करीब ढाई करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

दूसरे चरण की 93 सीटों पर कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। आपको बता दें कि पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर कुल 788 उम्मीदवार मैदान में थे। जिनकी किस्मत 1 दिसंबर को ही EVM में लॉक हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *