जीत के दावों के बीच गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान कल

गुजरात के चुनावी महासमर में कल यानी 1 दिसम्बर को पहले चरण का मतदान होने जा रहा है। कुल 182 विधानसभा सीटों में से 89 सीटों के लिए कल वोटिंग होगी। पहले चरण के लिए चुनावी प्रचार का दौर थम चुका है कि हालाकि प्रत्याशी व्यक्तिगत स्तर पर भेट मुलाकात कर मतदाताओं को लुभाने में लगे हुए हैं। पहले चरण के मतदान में दक्षिण गुजरात के 19 जिलों और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्रों की 89 सीटों के लिए कुल 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें 70 महिलाएं उम्मीदवार और 339 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

सुबह 8 बजे से शुरू होगा मतदान

मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5.30 बजे तक चलेगी। गुजरात चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। पहले चरण के तहत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,39,76,670 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इसमें 1,24,33,362 पुरुष, 1,15,42,811 महिला और 497 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। राज्य में कुल 4,91,35,400 मतदाता रजिस्टर्ड हैं।

25 हजार से ज्यादा बनाये गए हैं मतदान केंद्र

पहले चरण के मतदान के लिए 25,434 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा, जिसमें शहरी क्षेत्रों में 9,018 और ग्रामीण क्षेत्रों में 16,416 मतदान केंद्र शामिल होंगे। पहले चरण के चुनाव में कुल 34,324 बैलेट यूनिट, 34,324 कंट्रोल यूनिट और 38,749 वीवीपीएटी का इस्तेमाल किया जाएगा।

2017 में कितनी सीटें किसको मिली

2017 विधानसभा चुनाव के दौरान दक्षिण गुजरात में बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया था। पहले चरण की जिन 89 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, 2017 के चुनावी नतीजे को देखें तो बीजेपी ने 48 सीटें जीती थीं तो कांग्रेस को 39, बीटीपी को 2 और एनसीपी को एक सीट मिली थी।

आप बिगाड़ सकती है खेल

इस बार गुजरात चुनाव के रण में आम आदमी पार्टी भी उतरी हुई है। ऐसे में आप ने भी यहां कई मेगा रैलियां और दमदार चुनाव प्रचार किया है। चुनावी रणनीतिकारों का भी दावा है कि आप इस विधानसभा चुनाव में कुछ करतब कर सकती है। लेकिन चुनावी लोकतंत्र में ​चुनावी विश्लेषक या राजनीतिक दल चाहे जो भी दावा करें, जीत हार का गणित मतदाताओं को तय करना होता है। इसलिए निश्चित तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि उंट किस करवट बैठेगा। उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण का मतदान 5 दिसंबर को होना है जबकि नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *