‘गंगा संवाद यात्रा’ में गोविंदाचार्य का संदेश… समाज और गंगा को बचाने में बच्चों की अहम भूमिका

संतोष कुमार सिंह

​बदायूं: राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन के तत्वावधान में सुप्रसिद्ध विचारक के एन गोविंदाचार्य इन दिनों गंगा यात्रा पर हैं। गंगा संवाद यात्रा को लेकर उनके द्वारा चलाई जा रही पदयात्रा के क्रम में आज चौथे दिन उनकी पदयात्रा गुनौर तहसील के गांव जुनाबई से आरंभ हुई, दोपहर में पदयात्रा मनोकामेश्वर मंदिर पहुंची जहां भोजन व विश्राम किया।

इस दौरान गोविंदाचार्य गंगा तट के वासियों से सतत संवाद कर उन्हें गंगा के महत्व,गंगा की पौराणिकता,गंगा की साफ सफाई को उनसे संवाद कर रहे हैं। इस क्रम में उन्हें स्थानीय लोगों को पूरा साथ मिल रहा है। वे खुल कर अपनी बात रख रहे हैं, अपनी समस्याओं और गंगा से जुड़ी यादों को साझा कर रहे हैं।

क्या है संदेश

जिला बदायूं के गांव दहगंवा में अशर्फी लाल लक्ष्मी नारायण इण्टर कालेज प्रांगण में आयोजित एक बड़ी सभा में गोविंदाचार्य ने छात्र-छात्राओं को पवित्र गंगा के संरक्षण में उनके सक्रिय योगदान हेतु आवह्नान किया। स्कूल के प्रधानाचार्य रामप्रकाश व पूर्व प्रधानाचार्य देवकीनंदन शर्मा ने गोविंदाचार्य के गंगा तट संवाद की प्रशंसा की और स्वयं व छात्रों के साथ इस पुनीत कार्य में सहभागिता का विश्वास दिलाया।

गंगा देवी कॉन्वेंट स्कूल में भी विद्यार्थियों से गंगा संवाद करते हुए गोविंदाचार्य ने कहा कि बच्चे समाज और गंगा को बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। गंगा नदी का 80% प्रदूषण घरों से निकले वाले सीवर के पानी से और फैक्टरी के निकलने वाले रसायन व अपशिष्ट से हो रहा है। विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई-लिखाई के साथ आप गंगा में प्रदूषण रोकने के प्रति सक्रिय भूमिका निभाएं।

स्थानीय लोग कर रहे हैं भागीदारी

11 किलोमीटर की पदयात्रा मीरपुर, वेरपुर मेहरानी, फतेहपुर, नगरीया, कदरावाद, गणेशपुर, ज़रीफ़ नगर, रसूलपुर, रामबीर नगर चोहराय से होकर उस्मानपुर पहुंची। दहगवां ब्लाक की सीमा में प्रवेश द्वार पर ब्लॉक प्रमुख सुभाष चन्द्र गुप्ता ने ग्रामवासियों के साथ फूल मालाओं से गोविंदाचार्य का स्वागत किया। महिला मंडल की सदस्य ललित देवी, निधि देवी, व निरंजना अपनी टोली के साथ यात्रा में शामिल हुई। वसव राज पाटिल, सुरेन्द्र बिष्ट, स्वामी ब्रम्हानन्द भारती, वसुदेवचार्य, जीबकांत झा, मीडिया प्रमुख मुरार सिंह कंडारी, लोकेशन कुमार, मित्रपाल, रोशन सिंह सहित लगभग 100 सह-यात्री साथ रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *