देश भर में फैले कोरोना वायरस दिन प्रतिदिन भयाबह रूप लेता जा रहा है। मरने वालों की तादाद बढ़ती ही जा रही है। अब उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी इस वायरस से एक की मौत हो गई है। दरअसल गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मरे बस्ती के 25 वर्षीय हसनैन अली को कोरोना था। केजीएमयू लखनऊ से कन्फर्म रिपोर्ट आने के बाद गोरखपुर से बस्ती तक हड़कम्प मच गया है। उन सभी डाक्टरों, पैरामेडिकल स्टॉफ और तीमारदारों को क्वारंटीन या आइसोलेट कर दिया गया है जो मरीज के सम्पर्क में आए थे।
बता दें कि गोरखपुर और बस्ती में यह युवक जिन-जिन अन्य लोगों के सम्पर्क में आया था उनकी तलाश की जा रही है। आशंका है कि उसकी वजह से कई लोग संक्रमित हो सकते हैं। सोमवार की सुबह बीआरडी मेडिकल कालेज के आईसीयू में युवक की मौत हो गई थी। उसे रविवार की रात उसके परिवारीजनों ने सांस में तकलीफ की शिकायत पर पहले ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। वहां से मेडिसिन विभाग के वार्ड नंबर 14 में उसे शिफट किया गया। रात में तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो डॉक्टरों ने उसे कोरोना वार्ड में शिफट कर दिया जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। अब उप्र में संक्रमितों की संख्या 104 हो गई है।
मालूम हो कि आगरा में एक और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। आगरा में एक नर्सिंग होम के डॉक्टर को कोरोना पॉजिटिव निकला है। अब आगरा में संक्रमितों की संख्या 12 पहुंच गई है। डॉक्टर के बेटे को पहले ही कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आ चुकी है। बेटे के बाद जांच में डॉक्टर पिता भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। डॉक्टर का बेटा यूके से लौटा था।