यूपी के एक शहर पीलीभीत के गांव मोहनपुर में जब एक युवक ने पशु तस्करों का विरोध किया तो उन तस्करों ने उस युवक को गोली मर कर हत्या कर दी. यह घटना बुधवार रात की है.
सूचनाओं के अनुसार, मोहनपुर गांव के रहने वाले सोनपाल (सोनू) ने जब अपने घर के बाहर देखा कि कुछ लोग अपने वाहन में आवारा पशुओं को भर रहे थे. इसके बाद सोनू और उसके परिवार ने इसका जमकर विरोध किया. विरोध से गुस्सा तस्करों ने तमंचा निकाल कर सोनू के सीने पर गोली चला दी. गोली चलते ही वे सभी तस्कर घटना स्थल से फरार हो गए.
हत्या होने की वजह से घटना के बाद आसपास के गांव में भी हड़कंप मच गया. सूचना पाते ही रात में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश पाल सिंह फोर्स के साथ मौका-ए-बारदात पर पहुंचे और पूरे थाना क्षेत्र की नांकेबंदी करा दी. हालांकि,ऐसा करने के बाबजूद भी घटना को अंजाम देने वाले अंजान बदमाश अभी तक नहीं मिल सके हैं.
वहीं, गोली लगने के बाद सोनू को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई. इसके अलावा सोनू का एक और साथी युवक भी घायल हो गया. घटना से पुरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक व्यक्ति के दो भाई और भी है. उसके बड़े भाई बांकेलाल ने थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.