जम्मू-कश्मीर पीपल्स मूवमेंट के अध्यक्ष और पूर्व IAS अधिकारी शाह फैसल को आज यानी बुधवार को दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया. खबरों के मुताबिक, शाह फैसल विदेश जा रहे थे. दिल्ली एयरपोर्ट से शाह फैसल को हिरासत में लिए जाने के बाद कश्मीर भेज दिया गया. साथ ही साथ शाह फैसल को नजरबंद भी कर दिया गया है.
अनुच्छेद 370 में हुए बदलाव के बाद से ही शाह फैसल लगातार विवादित बयान दे रहे हैं. कश्मीर मसले को लेकर शाह फैसल ने कहा था कि हमारे सामने दो ही रास्ते हैं. कश्मीर कठपुतली बने या अलगाववादी. इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है. उन्होंने ये भी कहा था कि, राजनीतिक अधिकारों को दोबारा पाने के लिए कश्मीर को लंबे, निरंतर और अहिंसक राजनीतिक आंदोलन की जरूरत है.
ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर भी शाह फैसल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा था. फैसल ने कहा था कि कश्मीर के लोग अपनी जमीन के गलत तरीके से भारत में शामिल होने से रो रहे हैं. कश्मीर में ईद नहीं है. हमारे यहां तब तक ईद नहीं होगी जब तक 1947 से मिला विशेष राज्य का दर्जा हमें वापस नहीं किया जाएगा.
केंद्र सरकार ने जब अनुच्छेद 370 को हटाने का फैसला लिया था तब शाह फैसल ने कहा था कि कश्मीर में खौफ फैला हुआ है. सबका दिल टूट रहा है. हर चेहरे पर हार का भाव दिखाई दे रहा है. इतिहास ने हम सभी के लिए एक भयावह मोड़ ले लिया है. लोग स्तब्ध हैं.