(नई दिल्ली): समयपुर बादली के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र की 35 अनधिकृत कॉलोनियों में 223 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन कार्यों के तहत सड़कों को बेहतर बनाने के साथ नालियों और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे क्षेत्र में जलभराव और जाम जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चांदोलिया, कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायक अहीर दीपक चौधरी, जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत और निगम पार्षद गायत्री दीपक चौधरी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन विकास कार्यो के जरिए अनधिकृत कॉलोनियों में जरूरी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं उनके आसपास ही उपलब्ध हों।
हर गली और कॉलोनी तक विकास पहुंचाने का संकल्प
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार का संकल्प है कि विकास दिल्ली की हर गली, हर कॉलोनी और हर परिवार तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों में बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी गति से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समयपुर बादली में शुरू किए गए विकास कार्य क्षेत्र के लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को दूर करने में मदद करेंगे। सड़कों में सुधार से आवागमन बेहतर होगा, जबकि नालियों और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किए जाने से बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इससे जाम जैसी परेशानी को भी कम करने में मदद मिलेगी
मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किए गए इन विकास कार्यों से समयपुर बादली की 35 कॉलोनियों में सड़क, नाली और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।