उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे एक खिलाड़ी को गोली मार दी गई. जब वह स्टेडियम में प्रेक्टिस कर रहा था, तब उस पर हमला किया गया, करीब आधा दर्जन अपराधियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया. खिलाड़ी को दो गोली लगी. गंभीर हालत की वजह से उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है.
घटना सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र की है. जहां अम्बेडकर स्टेडियम में पंत विहार के रहने वाले 24वर्षीय यश प्रताप सिंह हैमर थ्रो और डिस्क थ्रो की प्रेक्टिस करने आते थे. वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की तैयारी कर रहे थे.
तभी सफारी कार में सवार होकर करीब आधा दर्जन युवक स्टेडियम पहुंचे और यश पर हमला बोल दिया. यश उनसे बचने के लिए भागा लेकिन उन लोगों ने यश को निशाना बनाकर उनपर गोली चला दी. गोली सीधे यश के सीने में लगी और वह गिर पड़ा. अपराधी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. यह घटना मंगलवार की है.
दूसरे खिलाड़ियों ने फौरन यश को अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स के लिए रैफर कर दिया. सहारनपुर के एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि खिलाड़ी पर हमला करने वाले युवकों की पहचान हो गई है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.