आम चुनाव के लिए रणभेरी बजने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच सियासी संग्राम शुरू हो चुका है. गठबंधन से लेकर महागठंबधन में सीटों के बंटवारे और पार्टियों में जिताऊ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा रही है. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी को रोकने के उत्तर प्रदेश में मायावती-अखिलेश यादव का बना गठबंधन भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा आज कर सकता है.
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव के लिये पार्टी प्रत्याशियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद उन्हें अन्तिम रूप दे दिया है. जिस पर गठबंधन की समाजवादी पार्टी से विमर्श करके जारी किया जायेगा.
खबरों के मुताबिक आज बीएसपी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है. करीब 30 उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं और जल्द ही बाकी 8 नामों पर भी मुहर लगा दी जाएगी.
बीएसपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चुनावी तैयारियों के संबंध में प्राप्त फीडबैक के मुताबिक बीएसपी और सपा नेतृत्व की अपील का काफी अच्छा प्रभाव जनता पर है और गठबंधन की तीनों पार्टियों के समर्थक और कार्यकर्ता मतभेद भुला कर बीजेपी को पराजित करने के लिये काम कर रहे हैं.