सहारनपुर, 15 मार्च (भाषा) सहारनपुर के देवबंद इलाके में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, चारपाई के पाये से हत्या करने के बाद जब युवक अपनी सौतेली मां के शव को सीढियों से घसीटता हुआ नीचे ले जा रहा था, तभी पड़ोस के लोगों ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दे दी.
पुलिस ने कहा कि आरोपी युवक के पिता ने थाने में मामला दर्ज करा दिया है. पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. सहारनपुर के एस एस पी दिनेश कुमार ने बताया कि देवबंद के मोहल्ला बेरियामलम्हे निवासी तनवीर की दो पत्नियां हैं. पहली पत्नी मौहल्ला सराय पिराजदान जबकि दूसरी मोहल्ला बेरियामलम्हे में रहती है.
उन्होंने कहा कि तनवीर ने थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसकी पहली पत्नी का पुत्र अजीमुलशान अपने साथी के साथ सौतेली मां के घर आया जहां दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई. अजीमुलशान ने गुस्से में आकर छत पर पड़े चारपाई के पाये से सौतेली मां के सिर पर ताबडतोड़ हमला कर दिया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई.