राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. अक्षरधाम फ्लाईओवर पर चलती कार में आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में एक महिला और उसकी दो बेटियां शामिल हैं. महिला का पति किसी तरह एक बेटी को बचाने में कामयाब रहा.
आशंका जताई जा रही है कि कार में सीएनजी लीक होने की वजह से आग लगी. पुलिस के मुताबिक गाज़ियाबाद के लोनी के रहने वाले उपेंद्र अपनी तीन बेटी और पत्नी को लेकर डट्सन कार से दिल्ली के कालकाजी इलाके में जा रहे थे. जब कार अक्षरधाम फ्लाईओवर पर पहुंची, तो उसमें अचानक आग लग गई. उपेंद्र ने फौरन कार को सड़क किनारे रोका और आगे की सीट पर बैठी अपनी बेटी को बाहर निकाला.
इसके बाद उन्होंने कार की पीछे वाली सीट में बैठीं अपनी पत्नी और बेटियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन जब तक वो अपनी पत्नी और बाकी दोनों बेटियों को बाहर निकालते, उससे पहले आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. जिसमे तीन लोगों की जलकर मौत हो गई.