मेरठ मे व्यक्ति ने नशे की हालत में पुत्रवधु के साथ की छेड़खानी

मेरठ, आठ मार्च(भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर जलालपुर गांव में एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी पुत्रवधु के साथ छेड़खानी की और विरोध किए जाने पर झोपड़ी में सो रहे अपने पोते को जिंदा जला दिया. हालांकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि कल देर रात आरोपी सोमपाल शराब के नशे में धुत होकर खेत पर बनी अपनी झोपड़ी पर पहुंचा और उसने अपनी पुत्रवधु के साथ छेड़खानी शुरु कर दी. छेड़खानी के विरोध में पुत्रवधु अपने पांच वर्षीय बेटे को झोपड़ी में सोता छोड़ अपनी बेटी को वहां से लेकर दूसरी झोपड़ी में चली गई.

मंशा पूरी न होने पर झल्लाए आरोपी ने झोपड़ी में आग लगा दी जिसमें उसका पौत्र कार्तिक भी सोया हुआ था। ग्रामीणों को जब तक आग लगने का पता चला तब तक झोपड़ी में रखा सामान जल कर खाक हो चुका था और मासूम कार्तिक की मौत हो चुकी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि आरोपी सोमपाल को हिरासत में ले लिया.

पांडेय ने बताया कि मूल रूप से किठौर थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर बांगर का निवासी सोमपाल थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के जलालपुर गांव में पिछले कई सालों से खेत पर ही झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था. पुलिस ने पुत्रवधु ऊषा की तहरीर पर सोमपाल पर छेड़खानी एवं हत्या का मामला दर्ज किया.

वहीं थाना हस्तिनापुर पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के हवाले से बताया कि लगभग बीस वर्ष पूर्व भी उक्त वृद्ध ने जमीनी विवाद में अपने पिता को भी लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार से पीट-पीट कर मार डाला था. इस मामले में भी सोमपाल कई वर्ष जेल में रह चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *