देश में माहौल अब पूरी तरह से चुनावमय है. सरकार भी इसी मोड में आ गयी है. और इसी के तहत आज नरेंद्र मोदी कैबिनेट की आखिरी बैठक हो रही है. इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर फैसला लिये जाने की संभावना है. और इसमें सबसे अहम मुद्दा आरक्षण से जुड़ा है. ये मुद्दा है विश्वविद्यालों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 13 प्वाइंट रोस्टर का. सरकार इसके लिए अध्यादेश लाए आज की बैठक में इस बात की पूरी संभावना है.
यूनिवर्सिटी की नौकरियों में अनसूचित जाति-जनजाति और ओबीसी के लिए आरक्षण लागू करने के नए तरीके 13 पॉइंट रोस्टर को लेकर विरोध जारी है. सुप्रीम कोर्ट ने पुराने 200 प्वाइंट रोस्टर सिस्टम लागू करने को लेकर मानव संसाधन मंत्रालय और UGC द्वारा दायर स्पेशल लीव पिटीशन को 22 जनवरी को ही खारिज कर दिया था.
बाद में सरकार ने पुनर्विचार याचिका भी दायर की थी जिसे कोर्ट ने 28 फरवरी को खारिज कर दिया था. हालांकि मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर लगातार कह रहे हैं कि ज़रूरत पड़ी तो सरकार अध्यादेश लाकर 13 पॉइंट रोस्टर सिस्टम को रद्द कर देगी. और आज मोदी सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक में इस पर अध्यादेश लाने पर मुहर लग सकती है.