पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद दुनियाभर में घिरे पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा है. अमेरिका ने उनके देश में आने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को मिलने वाले वीज़ा की अवधि घटा दी है. पहले पाकिस्तानी नागरिकों को जो 5 साल का वीज़ा मिलता था, अब उसकी अवधि घटाकर 12 महीने कर दी गई है.
पाकिस्तानी अखबार द ट्रिब्यून के अनुसार, पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी राजदूत ने इस बात की सूचना सरकार को दे दी है. खबर के अनुसार नए नियमों में पाकिस्तानी पत्रकार और मीडियापर्सन के लिए और भी मुश्किल है, उनको मिलने वाले वीज़ा की अवधि 3 महीने कर दी गई है.
इतना ही नहीं अमेरिका ने वीज़ा की अवधि घटाने के साथ-साथ वीज़ा के लिए दी जाने वाली फीस भी बढ़ा दी है. नए आदेश के अनुसार, वर्क वीज़ा, जर्नलिस्ट वीज़ा, ट्रांसफर वीज़ा, धार्मिक वीज़ा के लिए फीस में बढ़ोतरी की गई है. इनके लिए जो भी वीज़ा अभी है उसमें 32 से 38 डॉलर तक की बढ़ोतरी की गई है.