विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने वुज़ेन में चीन के विदेश मंत्री वांग ली और रूसी विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव से मुलाकात की. यहां उन्होंने पुलवामा में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया और कहा भारत आतंकवाद के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति रखता है. आगे विदेश मंत्री ने कहा, मैं ऐसे वक्त में चीन आई हूं जब भारत में शोक और गुस्से का माहौल है.
जम्मू-कश्मीर में हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ ये सबसे भीषण हमला है. सुषमा ने कहा कि पुलवामा हमले में जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है जो कि पाकिस्तान की धरती से संचालित हो रहा है. सुषमा ने मंगलवार तड़के भारत के द्वारा की गई एयरस्ट्राइक की जानकारी रूस और चीन के विदेश मंत्रियों को दी.
सुषमा ने बताया कि पुख्ता इनपुट मिलने के बाद भारत की वायुसेना ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी अड्डों के खिलाफ कार्रवाई की. उन्होंने चीन को बताया कि पाक आतंकवाद के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा रहा था इसलिए भारत को ऐसा करना पड़ा. इसमें कई आतंकवादी मारे गए हैं.