जम्मू-कश्मीर के बडगाम में भारतीय वायु सेना का एक विमान क्रैश हो गया. हादसे में दो पायलट की मौत हो गई है. हादसा बडगाम से सात किलोमीटर दूर गारेंद गांव में हुआ. जहां विमान खेत में जाकर गिरा और आग लग गई. हादसे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है.
हालांकि माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से विमान हादसे का शिकार हुआ. विमान ने श्रीनगर एयरबेस से उड़ान भरी थी. हादसे के बाद सेना के जवान मौके पर पहुंच गए हैं.
अधिकारियों ने बताया कि विमान बडगाम के गारेंद कलां गांव के पास खुले मैदान में सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. उन्होंने बताया कि हादसे वाली जगह पर एक शव देखा गया. मृतक की पहचान की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है. साथ ही उन्होंने बताया कि पायलट के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.
बता दें कि पिछले महीने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया था. विमान के गिरने से उसमें आग लग गई और देखते ही देखते विमान खाक में बदल गया था.