दुनिया की आंखों में धूल झोंकने की तैयारी में पाक, जैश मुख्यालय को बताया चैरिटी हाउस

पाकिस्तान सरकार ने अपनी सरज़मीन से संचालित होने वाले आतंकी संगठनों पर नकेल कसने के जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हुए शुक्रवार को जैश ए मोहम्मद (जेईएम) मुख्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया.

यह वही आतंकी संगठन है जिसने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमला करवाने की जिम्मेदारी ली थी. इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए हैं.

दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक दिन पहले बयान जारी कर पुलवामा हमले को जघन्य और कायराना बताया तथा इस हमले की कड़ी निंदा की. साथ ही जोर देकर कहा कि इस तरह की हरकतों को अंजाम देने वालों और धन मुहैया करने वालों को न्याय के दायरे में लाया जाए.

पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने बताया, पंजाब सरकार ने बहावलपुर स्थित जेईएम मुख्यालयों को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने बहावलपुर में दो परिसरों को अपने नियंत्रण में लिया है और उसके कामकाज को देखने के लिए अपना एक प्रशासक नियुक्त किया है.

बहावलपुर लाहौर से 400 किमी दूर है.

गृह मंत्रालय के एक बयान में यह कहा गया है कि जैश पर कार्रवाई बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा कमेटी की बैठक में लिए गए फैसले की तर्ज पर की गई.

उन्होंने कहा कि यह वही मस्जिद है जिसे भारत की तरफ से जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय बताया जा रहा था. शनिवार को पंजाब सरकार मीडियाकर्मियों को इस मदरसे में ले जाएगी ताकि लोग अंदाजा लगा सके कि 700 छात्रों के साथ यह मदरसा चैरिटी का काम करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *