नई दिल्ली: पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर कांग्रेस ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि तीन बजकर दस मिनट पर ही हमले की खबर आ गई थी. पांच बजकर 15 मिनट पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दे दी थी. लेकिन, मोदी जी क्या कर रहे थे. हमले के दिन यानी 14 फरवरी को मोदी जी की दिनचर्या बता रहा हूं. वे दिन भर पार्क का भ्रमण करने के बाद नौका विहार और शूटिंग करवा रहे थे. छह बजकर 45 मिनट तक फिल्म की शूटिंग करते हैं, नौका विहार करते हैं. पीएम राम नगर के गेस्ट हाउस में भी कुछ देर रुके और फिर चले गए. शाम छह बजकर 30 मिनट पर धनगढ़ी गेट पहुंचे और अधिकारियों से दस मिनट तक वार्ता की.
सुरजेवाला ने कहा वहां स्थानीय लोगों ने नरेंद्र मोदी जिंदाबाद नारे लगाए. पीएम ने भी सभी का अभिवादन किया. देश हमारे शहीदों के शरीर के टुकड़े चुन रहा था, लेकिन पीएम नारे लगवा रहे थे. वे राम नगर के फीडर गेस्ट हाउस रुके और चाय-नाश्ता किया. पूरे देश के चूल्हे बंद थे, लेकिन वे चाय-नाश्ते का आनंद ले रहे थे. ये है इस देश के पीएम की असली वास्तविकता. इससे ज्यादा शर्मनाक व्यवहार किसी पीएम का नहीं हो सकता.
राष्ट्रीय शोक घोषित क्यों नहीं किया गया?
सुरजेवाला ने कहा ये मैं नहीं आपके पत्रकार साथी कह रहे हैं. जिन्होंने मोदी के दौरे का कार्यक्रम कवर किया है. रणदीप सुरजेवाला ने दावे के समर्थन में अखबारों की कटिंग और कथित तस्वीरें दिखाईं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय शोक की घोषणा नहीं की. ताकि सरकारी खर्च पर होने वालीं राजनीतिक सभाएं रुक न जाएं. जब शहीदों के शव एयरपोर्ट पर थे, तब झांसी के कार्यक्रम से प्रधानमंत्री मोदी एक घंटा देरी से आए. फिर पहले सीधे एयरपोर्ट जाने के बजाए वे पहले अपने घर गए. पीएम मोदी के मंत्री शहीदों के शव के साथ सेल्फी ले रहे हैं. मोदी जी अब दक्षिण कोरिया पहुंच गए हैं सैर सपाटे के लिए.
मोदी से किए ये पांच सवाल
पीएम अपनी, NSA, और गृह मंत्री की विफलता क्यों स्वीकार नहीं करते?
इतना RDX देश मे आया कहां से?
जैश के हमले से 48 घंटे पहले के वीडियो को नज़रअंदाज कैसे कर दिया?
मोदी सरकार और गृह मंत्रालय ने CRPF को हवाई मार्ग से जाने के निवेदन को खारिज क्यों किया?
मोदी सरकार के 56 महीनों में 488 जवान शहीद हो गए?
नोटबंदी से आतंकी हमले बंद क्यों नही हुए?