प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर विदेशी दौरे पर हैं. पीएम मोदी दक्षिण कोरिया के सियोल पहुंच गए हैं. माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले यह उनका आखिरी दौरा हो सकता है. पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय के लोगों में भी काफी उत्साह देखा गया. सियोल के लोटे होटल मौजूद भारतीय कम्युनिटी के लोगों ने पीएम का स्वागत किया.
विदेश मंत्रालय से मिली सूचना के मुताबिक पीएम की यात्रा से दक्षिण कोरिया के साथ भारत की विशेष सामरिक साझेदारी मजूबत होगी और लुक ईस्ट नीति में नया आयाम जुड़ेगा. शुक्रवार को PM मोदी को विश्व आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सियोल शांति पुरस्कार दिया जाएगा. सियोल पीस प्राइज कल्चरल फाउंडेशन ने अक्टूबर में इसकी घोषणा की थी.
पीएम मोदी अपने दौरे में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति समेत अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मसलों पर बातचीत करेंगे और सियोल में एक विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा को लेकर ट्वीट भी किया है. पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि हम दक्षिण कोरिया को एक मूल्यवान मित्र मानते हैं जिसके साथ हमारी विशेष सामरिक भागीदारी है. इस यात्रा से द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा मिलेगा.