दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर अभियान तेज कर दिया है. उन्होंने 2014 में भाजपा द्वारा दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा भी याद दिलाया.
आपको बता दें, सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में दिये गए फैसले में दिल्ली सरकार को उसके अधिकार एवं दायरे बताये थे.साथ ही कोर्ट ने उप राज्यपाल के भी अधिकार बता दिये थे. जिसके बाद आम आदमी पार्टी के मुखिया केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को रफ्तार देते हुए पीएम मोदी से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की गुहार लगाई है.
अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए मोदी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए, केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा-“सर, दिल्ली भी अपने स्थापना दिवस का इंतजार कर रही है. आपने दिल्ली के लोगों से वादा किया था कि आप दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे. कृपा करके ऐसा करें सर. दिल्ली के लोग 70 सालों से नाइंसाफी झेल रहे हैं.”
इसके साथ ही आप इस मांग को आगामी लोकसभा चुनाव में मुद्दा बनाने की तैयारी में जुटा है.