Haryana Chunav 2024 Rajnath Singh Rally Address: हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को यमुनानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस के पांव जहां-जहां पड़े वहां बंटाधार हो गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देखिए कितना झूठ बोलते हैं। जम्मू-कश्मीर में कह रहे हैं कि अगर कांग्रेस एनसी गठबंधन की सरकार आती है तो घाटी में धारा 370 को बहाल कर दिया जाएगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह शगूफा है और कुछ नहीं क्योंकि राज्य में सरकार बनने के बाद केन्द्र का फैसला कैसे बदल सकते हो। कांग्रेस धारा 370 को कैसे बहाल कर सकती है। हरियाणा के विकास और तरक्की के लिए बीजेपी जरूरी है। बीजेपी ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और खर्ची पर्ची का जमाना समाप्त कर दिया है।
बता दें कि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यमुनानगर की बिलासपुर के निजी पैलेस में सैथर से बीजेपी प्रत्याशी बलवंत सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह बयान दिया है। राजनाथ ने अग्निवीर योजना को लेकर विपक्षी पार्टियों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर के जवानों के नाम पर जनता को बरगलाया जा रहा है, जबकि 25 फीसदी जवान सेना में और बाकी को नौकरी की गारंटी भी दी जा रही है।
हरियाणा में भी 100 फीसदी नौकरी देने का काम किया जाएगा। जबकि बाहरी देशों में 3 से 4 साल की ही सेना में सेवाएं दी जाती हैं। कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को शेर और टाइगर बताती है उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी जनता के सेवक बनकर जनता की सेवा करने का काम करते हैं उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की बात कह कर कांग्रेस ने सरकार बनाई थी।
लेकिन, पूरे प्रदेश के हालात खराब कर दिए। हरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची के नौकरियां दी गई और बीजेपी के घोषणा पत्र के सभी काम पूरे करके दिखाए हैं। प्रदेश में बीजेपी एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है। नायब सैनी के नेतृत्व में विकास की बयार बहने जा रही है। कांग्रेस पार्टी की जहां जहां सरकार है वहां के हालात बद से बदतर है।