Haryana: हुड्डा और शैलजा गुट में सब ठीक? मुख्यमंत्री पद को लेकर हुड्डा बोले- आलाकमान का फैसला होगा स्वीकार्य

Haryana Vidhansabha Chunav 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अंतिम चरण में हैं। तमाम सियासी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। बीजेपी तीसरी बार सत्ता में आने का दंभ भर रही है तो वहीं किसान आंदोलन और विनेश फोगाट की नाराजगी के बाद बीजेपी के खिलाफ जारी विरोधी को लेकर कांग्रेस इस बार सत्ता में वापसी की ताल ठोक रही है। हालांकि, ऐसे में कांग्रेस के लिए सत्ता में वापसी करना आसान नहीं दिख रहा है। इसकी बड़ी वजह कुमारी शैलजा और भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के बीच सीएम पद को लेकर जारी गुटबाजी है। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी ने दोनों को एक मंच पर लाकर इस गुटबाजी को खत्म करने का प्रयास किया है।

इस बीच पूर्व सीएम हुड्डा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सीएम पद आखिरी फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा और वह मुझे स्वीकार्य होगा। माना जा रहा है कि हुड्डा का यह बयान दलित वोटरों को एकजुट कर कांग्रेस के पक्ष में लाने के लिए दिया गया है। दरअसल, कुमारी शैलजा दलित समाज से आती हैं। हुड्डा और शैलजा के बीच उपजे संघर्ष के कारण दलित समाज का कांग्रेस से दूर होकर बीजेपी या अन्य दलों के साथ जाने की आशंका जताई जा रही है। दलित वोटों के बिखराव को रोकने के लिए ही हुड्डा ने यह बयान दिया है।

सीएम को लेकर कई नामों की दावेदारी

वहीं, एक तरफ सीएम पद के लिए भूपेंद्र हुड्डा, कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला तक का नाम चल रहा है तो वहीं भूपेंद्र हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा की भी चर्चा है। क्या दीपेंद्र सीएम पद की रेस में है? इस सवाल पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा, ‘मैं ना तो रिटायर हुआ हूं और ना ही थका हुआ हूं।  हुड्डा ने वोट कटने की संभावना से भी इनकार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला होने से जनता वोट काटने वालों की तरफ नहीं जाएगी।

Read Also:Delhi: क्या होती है संसदीय समितियां? कैसे करती हैं काम, राहुल गांधी, कंगना रनौत समेत शशि थरूर को बनाया गया सदस्य

बता दें कि, हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुड्डा ने कहा कि राज्य में भारी जनादेश मिलेगा। लोगों ने यह तय कर लिया है कि ‘अबकी बार कांग्रेस की सरकार’। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, हरियाणा में कांग्रेस एकजुट है। सीएम पद के लिए एक से अधिक दावेदारी मिलने से पार्टी को और ताकत मिलेगी। इससे पहले कुमारी शैलजा ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने के बाद कहा था कि उनकी रगों में कांग्रेस का खून है। वह कांग्रेस के झंडे के नीचे ही मरेगी। हालांकि, दोनों गुट एकजुट है या नहीं यह चुनाव परिणाम के बाद ही पता चलेगा।

Read Also:http://Ind vs Ban Test Live: कानपुर टेस्ट में पहले दिन बारिश बनी विलेन, 35 ओवर का हुआ खेल, जानें क्या-क्या हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *