Kolkata Rape Murder Case: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स ने हड़ताल खत्म करने से इंकार कर दिया है। प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स का कहना है कि हमने मुख्यमंत्री के सामने जो मांगें रखी थी वह सभी पूरी नहीं हुई है। डॉक्टर्स ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री के साथ बैठक करने और स्वास्थ्य सचिव को हटाने के लिए मुख्य सचिव मनोज पंत को ईमेल किया है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 9 अगस्त को ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार और हत्या मामले को लेकर जूनियर डॉक्टर्स ने राज्य सरकार से पुलिस कमिश्नर और हेल्थ सेक्रेटरी को हटाने समेत 5 मांगें की थी। इसके लिए वे 40 दिन से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार 16 सितंबर को ममता बनर्जी और प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स के बीच बैठक हुई, जिसमें डॉक्टर्स की तीन मांगों को मान लिया गया।
बाद में मंगलवार को कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल को पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह मनोज वर्मा को कमिश्नर बनाया गया। इसके बाद मंगलवार देर रात डॉक्टर्स ने कहा कि प्रदर्शन रहेगा। बुधवार को डॉक्टर्स ने कहा कि अभी आधी जीत हुई। हेल्थ सेक्रेटरी एनएस निगम का इस्तीफा जरूरी है। अस्पतालों में थ्रेट कल्चर खत्म करने की मांग भी अभी नहीं मानी गई है। इसलिए सीएम से एक और बैठक करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारी डॉक्टर की पांच सूत्रीय मांग…
बलात्कार हत्या मामले के साथ-साथ सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने वाले दोषियों को सजा मिले।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो।
कोलकाता कमिश्नर विनित गोयल इस्तीफा दें।
स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा बढ़ाई जाए और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश के अस्पतालों में थ्रेट कल्चर समाप्त किया जाए।