Jammu Kashmir Chunav 2024 Live: घाटी में पहले चरण का मतदान जारी, सुबह 11 बजे तक 26 फीसदी वोटिंग

Jammu Kashmir Chunav 2024 Live: जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा चुनाव हो रहा है। पहले चरण में 24 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान के लिए सुबह से पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है। सुबह 11 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से 26 फीसदी मतदान हो चुका है।

बता दें कि, जम्मू कश्मीर में धारा-370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ मतदाताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले चरण के लिए जिन सीटों पर मतदान होना है उस पर कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन, पीडीपी और बीजेपी सहित कई अन्य दलों के उम्मीदवार चुनाव को रोचक बना रहे हैं।

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की मां गुलशन आरा ने अनंतनाग में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। गुलशन आरा ने कहा कि मैं चाहती हूं कि जो भी सीएम बने, हालात सुधरने चाहिए। हमारा सभी का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर का विकास होना चाहिए। प्रदेश की जनता अपना फैसला सुना रही है। 8 अक्टूबर को जनता का फैसला सभी के सामने आ जाएगा।

बीजेपी ने विपक्ष पर साधा निशाना

पद्दर-नागसेनी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुनील शर्मा ने कहा कि मैं मतदाताओं को बधाई देना चाहता हूं, जिस तरह से लोग अपने घरों से निकल रहे हैं और अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, यह सब दर्शाता है कि लोगों का लोकतंत्र में बहुत विश्वास है और जिस तरह से लोग बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छी खबर है।

बीजेपी नेता ने कहा कि आपने देखा होगा कि जब भी यहां प्रतिशत कम होता था, तो कांग्रेस या नेशनल कॉन्फ्रेंस या पीडीपी जीत जाती थी। क्योंकि उन्हें आतंकवादियों से संरक्षण मिला हुआ था। आज लोग खुले दिल से चुनाव में भाग ले रहे हैं और चुनाव सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन और समर्पण है।

Read Also:Delhi: केजरीवाल ने दिया सीएम पद से इस्तीफा, आतिशी ने किया सरकार बनाने का दावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *