Haryana Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। एक ओर जहां बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने को लेकर गहन मंथन कर रही है तो वहीं कांग्रेस चुनाव जीताने वाले चेहरों की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि दोनों पार्टियों की ओर से दो दर्जन से ज्यादा विधायकों के टिकट पर तलवार लटक रही है।
बीजेपी के सर्वे के मुताबिक, एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मौजूदा कई विधायकों के खिलाफ फील्ड में जबरदस्त आक्रोश है। पार्टी जनता के इस आक्रोश को कम करने के लिए जहां उनके टिकट काटेगी, वहीं नए चेहरों को मैदान में उतारकर जनता का भरोसा जीतना चाहेगी।
बीजेपी इस बार टिकटों की घोषणा में ज्यादा देरी नहीं करेगी। इसके पीछे सोच है कि पार्टी उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए ज्यादा से ज्यादा समय मिल सके। पिछले दिनों राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर सुझाव लिया जा चुका है।
एक-एक विधानसभा सीट से 50 से लेकर 100 तक नाम आए हैं, लेकिन पार्टी इनमें से गंभीर प्रवृत्ति के आधा दर्जन नामों को चिह्नित कर रही है। इन आधा दर्जन नामों में भी फील्ड के सर्वे के आधार पर तीन से चार दावेदारों के नामों का फाइनल किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी को यह गलती भारी पड़ चुकी है।
प्रदेश के सभी जिला पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट पार्टी के संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा को सौंप दी है। फणीन्द्रनाथ शर्मा इस रिपोर्ट का अध्ययन कर रहे हैं। अगले दो से चार दिनों के भीतर यह रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के पास होते हुए केंद्रीय नेतृत्व के पास पहुंच जाएगी। जिसके बाद केन्द्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाएगी।
जून महीने में समाप्त हुए लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी लगातार आरएसएस के साथ मंथन कर रही है। बीते दिनों राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी और आरएसएस के प्रमुख नेताओं की एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया था। उसी तर्ज पर हरियाणा के फरीदाबाद में आरएसएस और बीजेपी के प्रमुख नेताओं की दो दिनों तक समन्वय बैठक चली है।
बैठक को लेकर बीजेपी का कहना गै कि यह समन्वय बैठक थी, जो कि रूटीन का हिस्सा है, लेकिन विधानसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद दो दिन चली इस बैठक को सामान्य तो बिल्कुल भी नहीं कहा जा सकता। दोनों मिलकर आगामी चुनाव को लेकर मंथन कर रहे हैं।
Read Also: http://Rajasthan Violence: उदयपुर चाकूबाजी मामले में सरकार का बड़ा एक्शन, आरोपी का घर जमींदोज