Bangladesh Violence: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद वहां के अल्पसंख्यकों के साथ हिंसा जारी है। हिंसा को लेकर पूरा देश चिंतित है। देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी। कहा था कि बांग्लादेश की नई सरकार को अपने देश के अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। भारत की 140 करोड़ की जनता वहां के हिन्दू समुदाय को लेकर चिंतित है।
इस बीच बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और हिंदुओं की सुरक्षा का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस से टेलीफोन पर बात की। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार ने मौजूदा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बांग्लादेश के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।
उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, संरक्षा और संरक्षा का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से भी दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत को लेकर बयान जारी किया गया। पीएमओ ने कहा, प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार से टेलीफोन पर बात की।
प्रधानमंत्री ने एक लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बांग्लादेश के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। प्रधानमंत्री ने अंतरिम सरकार द्वारा हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रोफेसर यूनुस ने बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, संरक्षण और संरक्षण का आश्वासन दिया।