IPL 2024 SRH vs KKR: आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आमने-सामने होगी। क्वालीफायर-एक मैच में जो टीम जीतेगी वह सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। प्वाइंट्स टेबल में केकेआर की टीम टॉप पर विराजमान है। केकेआर ने 14 मैचों में से 9 मैच में जीत हासिल की है। हैदराबाद की टीम दूसरे नंबर पर काबिज है।
यह मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी और हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। हारने वाली टीम एलिमिनेटर की विजेता टीम से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी। ऐसे में अहमदाबाद की पिच पर बल्लेबाजों या गेंदबाजों को किसे फायदा होगा, आइए जानते हैं।
अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाज रन बरसाते रहे हैं। नई गेंद के साथ शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच बढ़ता है तो स्पिनर्स के लिए भी पिच मददगार साबित होती है। हालांकि, यहां हमेशा लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम फायदे में रहती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम चेज करना पसंद करेगी।
अहमदाबाद पिच के आंकड़े
अगर बात करें आंकड़ों की तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम ने आईपीएल के कुल 33 मैचों की मेजबानी की है, जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 15 मैच जीते है, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 18 मैचों में जीत मिली। यहां पहले बैटिंग का औसत स्कोर 168 रन है, जबकि इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 233 रन का बना है, जो कि गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में बनाया था।
हैदराबाद और कोलकाता हेड टू हेड
अगर बात केकेआर बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए हेड-टू-हेड मुकाबलों की जाए तो दोनों टीमों के बीच कुल 26 मैच खेले गए हैं, जिसमें 17 मैच में केकेआर को जीत मिली, जबकि 9 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने बाजी मारी है। इस सीजन में दोनों टीमों के बीच एक बार भिड़ंत हुई, जिसमें केकेआर ने हैदराबाद को मात दी। ऐसे में अब क्वालीफायर-1 मैच में हैदराबाद की टीम केकेआर से हार का हिसाब चुकता करना चाहेंगी।
Read Also: Lifestyle: सुबह जल्दी उठकर फॉलो करिए यह टिप्स, खुशियों से भर जाएगा जीवन