Loksabha Chunav 2024 Voting Live: देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। 11 राज्यों की 93 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से मतदाता वोटिंग कर रहे हैं। इस चरण में कुल 1331 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्यप्रदेश की 9, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, पश्चिम बंगाल की चार, दमन दीव और दादरा एवं नगर हवेली की दो सीटों पर मतदान किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पीएम मोदी को अपने उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं है तो उन्हें सभी सीटों से चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, नतीजों से आप सभी हैरान रह जाएंगे। नरेंद्र मोदी के खिलाफ भारी सत्ता विरोधी लहर है। सच तो यह है कि मतदान प्रतिशत कम है और प्रधानमंत्री मुद्दों को छोड़कर हर बात पर बात कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक की कलबुर्गी लोकसभा सीट के गुंडुगुर्थी गांव में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। कांग्रेस ने कलबुर्गी सीट से राधाकृष्ण को और बीजेपी ने उमेश जी जाधव को मैदान में उतारा है। इस दौरान खरगे ने कहा कि देश की जनता के मन में मोदी का भारी विरोध है और आने वाला चुनावी परिणाम बीजेपी को चौंका देगा।
Read Also: Delhi: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली बीजेपी में शामिल, कई पूर्व विधायकों ने भी थामा दामन
संविधान की रक्षा का चुनाव- राहुल गांधी
तीसरे चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा, आज तीसरे चरण का मतदान है। आप सभी से मेरा अनुरोध है कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए बड़ी संख्या में निकलें और वोट करें। याद रहे, यह कोई सामान्य चुनाव नहीं, देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का चुनाव है।
Read Also: T20 WC 2024: विश्वकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, इन दो भारतीय स्टार का नाम शामिल
पश्चिम बंगाल के जंगीपुर के एक मतदान केंद्र पर टीएमसी बूथ अध्यक्ष की बीजेपी उम्मीदवार धनंजय घोष से झड़प हो गई। सूचना पर पहुंची भारी पुलिस बल ने मामला शांत कराया। इसके अलावा प्रदेश की चार लोसभा सीटों पर हो रहे मतदान के बीच जगह-जगह झड़प की ख़बरें आ रही है।