मध्य प्रदेश के सतना में दो बच्चों की हत्या पर बवाल खड़ा हो गया है. इस हत्याकांड के खिलाफ बीजेपी आज सतना बंद कर विरोध प्रदर्शन कर रही है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी प्रदर्शन में शामिल हैं. बीजेपी ने मध्यप्रदेश की सरकार पर कानून व्यवस्था चौपट करने का आरोप लगाया है. जघन्य हत्याकांड की खबर मिलते ही रविवार को आक्रोशित जनता सड़कों पर उतर आई. भीड़ हटाने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा.
दरअसल चित्रकूट के सतगुरु ट्रस्ट के विद्यालय से 12 फरवरी को 6 साल के दो मासूम भाइयों श्रेयांश और प्रियांश को अगवा कर उनकी हत्या कर दी गई थी, दोनों के शव यूपी के बांदा में यमुना नदी में मिले. बच्चों के लिए कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.
इस घटना को लेकर सतना में पीड़ित परिवार से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मुलाकात की. पूर्व सीएम ने कहा कि बच्चो को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. पत्रकारों ने जब शिवराज सिंह चौहान से पूछा की BJP का झंडा लगी गाड़ी से अपहरण किया गया था. तो उसपर शिवराज सिंह ने गोल-मटोल जवाब दिया.