विपक्ष की राय…राम मंदिर उद्घाटन में  मोदी को बुलाने की जरूरत क्या?

संतोष कुमार सिंह

नयी दिल्ली: राममंदिर के उद्घाटन की ति​थी सामने आते ही विपक्ष की तरफ से सियासी बखेरा शुरू हो गया है। दरअसल कल तक जो विपक्ष भाजपा से यह पूछा करता था कि मंदिर वहीं बनायेंगे लेकिन तारीख नहीं बतायेंगे अचानक राममंदिर के निर्माण की तिथी सामने आने और प्रधानमंत्री के उद्घाटन का आमंत्रण मिलने के बाद एक सुर से यह कहने लगा है कि लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और डीएमके सभी दल  लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़ा कर रहे हैं। सलमान खुर्शीद ने ये सवाल भी उठा दिया है कि राममंदिर निर्माण में प्रधानमंत्री को आने की जरूरत क्या है?

क्या कहा सलमान खुर्शीद ने

खुर्शीद ने कहा, “क्या राम मंदिर का उद्घाटन अब केवल एक पार्टी का कार्यक्रम बन गया है? भगवान सबके हैं। हर पार्टी को निमंत्रण मिलना चाहिए। मंदिर निर्माण ट्रस्ट को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या केवल एक पार्टी को आमंत्रण भेजा गया है या सभी को भेजा गया है। मुझे दूसरे दलों का आमंत्रित करने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

खुर्शीद ने दावा किया कि राम मंदिर उद्घाटन को लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक लाभ के लिए एक पार्टी का कार्यक्रम बनाने की कोशिश हो रही है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, “क्या राम मंदिर बीजेपी का है? यह हमारे सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह देश के हर किसी से जुड़ा है।”

डीएमके नेता ने कहा – राम का जन्म मिथक

हमेशा की तरह डीएमके एक कदम और आगे बढ़ गई और डीएमके नेता टीकेएस एलनगोवन ने राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा किया और कहा कि  राम का जन्म एक मिथक है। उन्होंने (भाजपा) इतिहास को ध्वस्त कर दिया और उसे मिथक से रिप्लेस करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए राम महत्वपूर्ण नहीं हैं, लेकिन राम के नाम पर उन्हें राजनीतिक लाभ होना है इसलिए इस कार्यक्रम का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं।

…तो पीएम मोदी खुद ही कार्यक्रम में पहुंच जाते’

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री को आमंत्रण दिये जाने पर सवाल किया और कहा कि , “प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित करने की क्या जरूरत है। वह तो खुद ही इस कार्यक्रम में शामिल हो जाएंगे। “

राउत ने याद दिलाया कि , “राम मंदिर के लिए हजारों स्वयंसेवकों ने जान दी। शिवसेना, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद जैसे हिंदुत्ववादी संगठनों और दलों ने इसमें हिस्सा लिया था. लालकृष्ण आडवाणी ने रथ यात्रा निकाली। इन सब का परिणाम है कि राम मंदिर बनाया जा रहा है। इसमें निश्चित तौर पर पीएम मोदी जाएंगे और पूजा करेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि इसे चुनावी तैयारी की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।”

गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने आगामी 22 जनवरी 2024 को मंदिर के उद्घाटन की तिथि तय की है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *