Aus vs ND Glenn Maxwell: आईसीसी वनडे विश्वकप अपने रोमांच पर हैं। हर दिन नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बुधवार को नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के मैच में नया कीर्तिमान स्थापित हो गया। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया।
मैक्सवेल ने रचा इतिहास
मैक्सवेल ने आईसीसी क्रिकेट विश्वकप 2023 के 24वें मैच में नीदरलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की है। दाएं हाथ के बल्लेबाज मैक्सवेल ने सिर्फ 40 गेंदों में शतक बनाया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी विश्व कप में 49 गेंदों में रिकॉर्डतोड़ शतक लगाया था।
बता दें कि अफ्रीकी बल्लेबाज मार्कराम ने इससे पहले मौजूदा विश्वकप में श्रीलंका के खिलाफ 49 गेंदों में शतक लगाया था। इससे पहले आयरलैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन ओ’ब्रायन ने 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ विश्वकप में 50 गेंदों में शतक पूरा किया था।
साल 2015 में मैक्सवेल ने श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों में शतक पूरा किया था। 2015 वर्ल्डकप में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स भी 52 गेंदों में वर्ल्डकप में शतक लगा चुके हैं। लेकिन 2023 में एक के बाद एक रिकॉर्ड टूट रहे हैं।
मैक्सवेल ने 44 गेंदों में खेली 106 रनों की पारी
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल 44 गेंदों में 106 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 8 छक्के लगाए। मैक्सवेल ने पैट कमिंस के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 103 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर (104) और मैक्सवेल के शतक के दम पर 8 विकेट पर 399 रन बनाए थे। जवाब में नीदरलौंड 90 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 309 रनों की विश्वकप की सबसे बड़ी जीत हासिल की।