Dussehra 2023: पीएम मोदी ने किया रावण दहन, बोले- भगवान के राम के विचारों का बनाएंगे भारत
Delhi Dussehra 2023: देशभर में विजयदशमी की धूम है और अलग-अलग हिस्सों में रावण दहन किया जा रहा है। इसी बीच पीएम मोदी दिल्ली की द्वारका रामलीला समिति के निमंत्रण पर रामलीला मैदान पहुंचे। पीएम ने रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान उन्होंने पूरे देश को शक्ति उपासना पर्व नवरात्रि और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी हम तब मना रहे हैं जब चंद्रमा पर हमारी विजय के दो महीने पहली पूरी हुए हैं। यह आवेश पर धैर्य की विजय, अत्याचारी रावण पर भगवान श्रीराम के विजय का पर्व है। हम इसी भावना के साथ हर वर्ष रावण दहन करते हैं, लेकिन सिर्फ इतना ही काफी नहीं है।
दशहरा संकल्पों को दोहराने का पर्व- पीएम
यह पर्व हमारे लिए संकल्पों का पर्व है, अपने संकल्पों को दोहराने का पर्व है। हम भगवान श्रीराम की मर्यादा भी जानते हैं और अपनी सीमाओं की रक्षा करना भी जानते हैं। हम शक्ति पूजा का संकल्प भी जानते हैं, कोरोना में सर्वे सन्तु निरामया जीकर दिखाते हैं। अब हमें भगवान राम के विचारों का भारत बनाना है।
आगे उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है, जिसमें विकसित भारत, जो आत्मनिर्भर हो। विकसित भारत, जो विश्व शांति का संदेश दें। विकसित भारत, जहां सबको अपने सपने पूरे करने का समान अधिकार हो। विकसित भारत, जहां लोगों को समृद्धि और संतुष्टि का एहसास हो।
बुराइयों का हो दहन- पीएम
हमें ध्यान रखना है कि आज रावण का दहन सिर्फ पुतले का दहन न हो। ये दहन हो हर उस विकृति का जिस कारण से समाज का आपसी सौहार्द बिगड़ता है। ये दहन हो उन शक्तियों का जो जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर मां भारती को बांटने का प्रयास करती हैं। ये दहन हो उन विचारों का जिनमें भारत का विकास नहीं स्वार्थ की सिद्धि निहित है।