पुणे: इन दिनों कहीं न कहीं से लिफ्ट हादसे की खबर लगातार सामने आ रही है। अभी पिछले महीने ही नोएडा में लिफ्ट गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। वहीं अब खबर महाराष्ट्र के थाणे आ रही है जहां 40 मंजिल की इमारत में लिफ्ट हादसा हुआ है। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। बता दें कि थाणे म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने इस घटना की जानकारी दी है।
दरअसल, घटना कल यानी रविवार शाम 5.30 बजे से लेकर 6.45 बजे के बीच की है जहां थाणे सिटी की बिल्डिंग रनवाल कॉम्प्लेक्स में यह घटना हुई है। जानकारी के मुताबकि, इस बिल्डिंग में वाटर प्रूफिंग का काम चल रहा था। काम खत्म करने बाद मजदूर लिफ्ट से जब नीचे की ओर आ रहे थे तभी लिफ्ट की तार टूट गई और लिफ्ट अंडर ग्राउंड में जा गिरी। इस भयंकर हादसे में 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है।
6 लोगों की हुई पहचान
हादसे में मारे जाने वाले 6 लोगों की पहचान की जा चुकी है जिसमें मृतक महेंद्र चौपाल (32), रुपेश कुमार दास (21), हारून शेख (47), मिथिलेश (35), करीदास (38) और सुनील कुमार दास (21) का नाम सामने आया है। वहीं एक की पहचान की जा रही है। 7 मृतकों में 4 मजदूर बिहार के समस्तीपुर के बताए जा रहे हैं। इनमें से 2 तो पहली बार काम करने के लिए घर से बाहर निकले थे। हादसे के बाद परिवारों को कॉल कर ठेकेदार ने इसकी जानकारी दी, जिसकी सूचना मिलते ही परिजनों के घर में कोहराम मच गया।
डिप्टी सीएम ने जताया दुख
इस घटना के पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडनवीस ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है। फडनवीस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह घटना बेहद दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारजनों को दुख सहने की शक्ति मिले। घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।