शुभम रावत-
मुंबई: सनी देओल की गदर-2 सिनेमाघरों में गदर मचा रही है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर छप्पड़फाड़ कमाई जारी है। गदर-2 ने सिर्फ 12 दिनों में 400 करोड़ कमाकर रिकॉर्ड बना दिया है। इसी बीच बीजेपी सांसद सनी देओल ने अपने राजनीतिक भविष्य पर बड़ा बयान दिया है।
12 दिन में कमाए 400.70 करोड़
अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित तारा सिंह और सकीना की प्रेम कहानी गदर-2 फिल्म का मैजिक दर्शकों के सर चढ़कर बोल रहा है। ओपिनिंग डे से अब तक इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में बम्पर भीड़ उमड़ रही है।मूवी ने 12 दिन में 400.70 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।
गदर 2 से पहले शाहरुख खान कीपठान सबसे तेजी से 400 करोड़ कमाने वाली हिंदी फिल्म थी। अब सनी देओल और अमीषा पटेल स्टाररगदर 2 ने पठान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दोनों ही फिल्मों ने 12 दिन में 400 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसी बीच बीजेपी सांसद सनी देओल ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत के दौरान बताया कि उनका राजनीति से अब मोह भंग हो गया है।
सनी का राजनीति से मोह भंग
एक्टर से राजनेता बने सनी देओल ने कहा कि,जब मैं संसद जाता हूं तो देखता हूं कि यहां देश चलाने वाले लोग बैठे हैं, सभी पार्टियों के नेता बैठे हैं, लेकिन यहां कैसा व्यवहार करते हैं, जबकि हम दूसरे लोगों से कहते हैं कि ऐसा व्यहार मत करो।
नहीं लड़ेगें 2024 लोकसभा चुनाव
सनी ने आगे कहा कि जब में ये देखता हूं तो लगता है कि मैं ऐसा नहीं हूं, इससे बेहतर तो ये है कि मैं कहीं और ही चला जाऊं। उन्होंने कहा कि मैं अब कोई चुनाव लड़ना नहीं चाहता। इसका मतलब साफ है कि सनी देओल आगामी2024 में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
बता दें सनी देओल 2019 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें पंंजाब के गुरदासपुर से चुनाव मैदान में उतारा था। यहां से जीत हासिल कर सनी देओल लोकसभा पहुंचे थे।5 साल के राजनीतिक करियर के बाद दिग्गज एक्टर ने अपने राजनीतिक करियर को विराम देने का फैसला कर लिया है।