पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर एक स्थित लोकनिर्माण विभाग के रेस्ट हाउस सभागार में आज मेधावी छात्र सम्मान समारोह (Medhavi Chhatra Samman Samaroh)का आयोजन किया गया। इस समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा-2023 में 10वीं और 12वीं कक्षा में हर जिले में टॉप थ्री रैंक लाने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को कुछ करने की भी सलाह दी।
सीएम मनोहर लाल ने कहा आज 16 अगस्त है और हमारे जीवन की एक अहम तारीख है। आज ही के दिन 52 साल पहले हमने दिल्ली में अपना व्यापार शुरू किया था। काम करते वक्त सिर्फ यही था कि जो भी करना है समाज के लिए करना है, विशेष करना है और कुछ बेहतर करना है।
उन्होंने छात्रों से कहा जब हम समाज को कुछ देते हैं वही हमारी असली मंजिल है। करियर बना लेना कोई मंजिल नहीं है। हमारे स्कूलों के बाहर लिखा होता है शिक्षार्थ आइए सेवार्थ जाइए। जिसका अर्थ यही है कि शिक्षा के लिए लिए और जाते वक्त यह कहा जाता कि आप समाज की सेवा के लिए जाएंगे।इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने अपना एक किस्सा भी सुनाया।
सीएम ने कहा कि 400 साल में कैलेंडर अपने आप को रिपीट करता है। उन्होंने बताया कि एक बार मैं आगरा गया तो वहां पर एक ऐसा कैलेंडर देखा जो 20 साल तक की तारीख बता पाता था। सुई घुमाने पर कैलेंडर हर साल की तारीख को बता देता था। उस वक्त खरीदने का पैसा नहीं था मगर बाद में मैंने पढ़ाई करते वक्त ठीक वैसा ही कैलेंडर तैयार कर दिया और यह कैलेंडर कभी की भी तारीख बता सकता था।
बता दें कि मेधावी छात्र सम्मान समारोह कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इस आयोजन में सीएम से सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल गए।इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सीएम मनोहर लाल से सवाल जवाब भी किया।